अप्रैल 22, 2026 6:38 पूर्वाह्न

printer

जर्मन संसद में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का संबोधन, रक्षा साझेदारी बढ़ाने पर दिया जोर 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि आत्मनिर्भर भारत, सह-निर्माण, सह-विकास और सह-नवाचार के लिए एक खुला निमंत्रण है। उन्होंने भारत और जर्मनी के रक्षा उद्योगों के बीच सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया। 
 
जर्मनी की अपनी तीन दिन की यात्रा के पहले दिन, जर्मन संसद की रक्षा और सुरक्षा समिति को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि दुनिया आज नई सुरक्षा चुनौतियों का सामना कर रही है और तकनीकी बदलावों ने हालात को और जटिल बना दिया है। उन्होंने बदलते माहौल के अनुसार नई सोच अपनाने की जरूरत पर बल दिया।
 
रक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत के रक्षा क्षेत्र में अभूतपूर्व बदलाव हो रहा है और जर्मनी के साथ साझेदारी से दोनों देशों को बड़ा लाभ मिल सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत-जर्मनी न केवल रणनीतिक साझेदार हैं, बल्कि वैश्विक मुद्दों पर प्रभावशाली आवाज भी हैं।
यात्रा के दौरान, रक्षा मंत्री जर्मनी के रक्षा मंत्री और अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इस दौरान रक्षा औद्योगिक सहयोग रूपरेखा और संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों के प्रशिक्षण में सहयोग से जुड़े समझौते पर हस्ताक्षर होने की संभावना है।