सितम्बर 22, 2025 9:19 अपराह्न

printer

छत्तीसगढ के नारायणपुर में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में दो ईनामी माओवादी ढेर

छत्तीसगढ के नारायणपुर जिले में आज सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में दो माओवादी मारे गये हैं। दोनों माओवादियों पर चालीस-चालीस लाख रुपए का इनाम था। पुलिस अधीक्षक रोबिनसन गुरिया ने बताया कि महाराष्‍ट्र और छत्तीसगढ के सीमावर्ती क्षेत्रों में माओवादियों की उपस्थिति को लेकर मिली खुफिया जानकारी के बाद सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान चलाया।

अबूझमाड़ क्षेत्र में तलाशी अभियान के दौरान माओवादियों ने सुरक्षा बलों पर गोलीबारी की। इसके जवाब में सुरक्षा बलों द्वारा गोलीबारी करने के कारण मुठभेड़ शुरू हो गई। दोनों माओवादियों के शव घटनास्‍थल से बरामद कर लिए गये हैं। दोनों की पहचान कट्टा रामचंद्र रेड्डी और कोसा दादा उर्फ ​​कादारी सत्यनारायण रेड्डी के रूप में की गई है। दोनों ही माओवादी भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी – माओवादी की केन्‍द्रीय समिति के सदस्‍य थे। सुरक्षा बलों ने घटनास्‍थल से एक एके-47 राइफल, एक इंसास राइफल, एक बीजीएल लांचर, विस्‍फोटक और अन्‍य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है।