केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हिमाचल प्रदेश, पंजाब और उत्तराखंड के बाढ और वर्षा प्रभावित किसानों के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 21वीं किस्त जारी की।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि लगभग दो लाख 70 हजार महिला किसानों सहित 27 लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में कुल 540 करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की गई है। इस किस्त को हाल में बाढ़ और भूस्खलन से बुरी तरह प्रभावित इन तीन राज्यों के किसानों के लिए प्राथमिकता दी गई है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यह किस्त किसानों को हाल की आपदाओं से उबरने में मदद करेगी।
हिमाचल प्रदेश, पंजाब और उत्तराखंड के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ किसान समूहों के प्रतिनिधियों ने भी इस सम्मेलन में वर्चुअल माध्यम से भाग लिया। मंत्रालय ने बताया कि इस राशि के जारी होने के साथ ही, फरवरी 2019 में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के शुभारंभ के बाद से इन तीन राज्यों को इसके अंतर्गत वितरित की जाने वाली कुल राशि 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो गयी है।