केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज नई दिल्ली में राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान- नाइलिट डिजिटल विश्वविद्यालय प्लेटफॉर्म का उद्घाटन किया। यह प्लेटफॉर्म उच्च-गुणवत्ता वाली डिजिटल शिक्षा तक पहुँच को लोकतांत्रिक बनाने के लिए डिज़ाइन किया गया है।
केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बिहार के मुजफ्फरपुर, ओडिशा के बालासोर, आंध्र प्रदेश के तिरुपति, मिजोरम के लुंगलेई और दमन में स्थित अन्य पाँच नाइलिट केंद्रों का भी वर्चुअल उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने बताया कि नाइलिट उद्योग की ज़रूरतों के अनुसार विदयार्थियों को डिजिटल माध्यम से आवश्यक शिक्षा प्रदान करने की दिशा में काम करेगा।
केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि विश्वविद्यालय उद्योग-उन्मुख पाठ्यक्रम प्रदान करेगा। उन्होंने यह भी बताया कि कैसे नाइलिट डिजिटल विश्वविद्यालय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूसरे और तीसरे स्तर के शहरों सहित दूरदराज के क्षेत्रों में तकनीकी शिक्षा प्रदान करने के संकल्प को पूरा करता है।