प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे का उद्घाटन किया। देहरादून में आयोजित एक समारोह में प्रधानमंत्री ने कहा कि इस गलियारे के उद्घाटन से उत्तराखंड की प्रगति में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है और उत्तराखंड के विकास को नई गति प्रदान करेगी।
अगले वर्ष हरिद्वार में होने वाले कुंभ मेले का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने सभी हितधारकों से इस आयोजन को भव्य, पवित्र और स्वच्छ बनाने का आग्रह किया।
उत्तराखंड की गौरवशाली सैन्य परंपरा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए श्री मोदी ने 1962 के युद्ध में शहीद राइफलमैन जसवंत सिंह रावत जैसे वीर सैनिकों को याद किया। उन्होंने पूर्व सैनिकों के लिए कई कल्याणकारी उपायों का भी उल्लेख किया।
इनमें वन रैंक वन पेंशन के तहत लगभग सवा लाख करोड़ रुपये का वितरण, पूर्व सैनिकों के लिए स्वास्थ्य योजना बजट में 36 प्रतिशत की वृद्धि, 70 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के लिए घर-घर दवा वितरण और उनके बच्चों के लिए शिक्षा अनुदान को दोगुना करना शामिल है। उन्होंने कहा कि सशस्त्र बलों को मजबूत बनाना और सैनिकों के परिवारों का सम्मान करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।