पश्चिम बंगाल में 23 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव के पहले चरण से पहले राजनीतिक दलों ने ज़ोर-शोर से चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है। राजनीतिक दल रैलियां और रोडशो कर रहें हैं तथा एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। तृणमूल कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के नेतृत्व में इंडिया ब्लॉक, मतदान वाले 16 जिलों में मतदाताओं को लुभाने के लिए अपने प्रयास तेज़ कर रहे हैं।
गृह मंत्री अमित शाह का आज उत्तर बंगाल में व्यस्त कार्यक्रम है। वे सुबह साढे 11 बजे उत्तर दिनाजपुर जिले के कालियागंज में रोड शो करेंगे। इसके बाद वे दक्षिण दिनाजपुर के गोचियार गंगारामपुर मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। उनके अगले दो कार्यक्रम मालदा उत्तर के मानिकचक और गाज़ोल में होंगे।
तृणमूल कांग्रेस नेता ममता बनर्जी का भी आज राज्य में कई चुनाव प्रचार कार्यक्रम है। वे सुबह करीब साढे़ 11 बजे पश्चिम मेदिनीपुर के पिंगला में जनसभा करेंगी। कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी आज राज्य में चुनाव प्रचार करेंगे। उनके तीन प्रमुख रैलियों में शामिल होने का कार्यक्रम है।