अप्रैल 29, 2026 5:04 अपराह्न

printer

ऑनलाइन एलपीजी बुकिंग और डिलीवरी प्रमाणीकरण कोड आधारित आपूर्ति रिकॉर्ड स्तर पर: पेट्रोलियम मंत्रालय

पश्चिम एशिया में चल रही बदलती स्थिति के बावजूद, सरकार ने आज आश्वासन दिया कि देश भर में घरेलू एलपीजी आपूर्ति बिना किसी रुकावट के सुचारू रूप से जारी है। नई दिल्ली में आयोजित एक अंतर-मंत्रालयी समीक्षा की जानकारी हुए पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि देश में एलपीजी वितरकों के यहां एलपीजी की कमी की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन एलपीजी बुकिंग और डिलीवरी प्रमाणीकरण कोड आधारित घरेलू एलपीजी आपूर्ति भी अब तक के सबसे उच्च स्तर पर है। सुश्री शर्मा ने बताया कि देश भर में वाणिज्यिक एलपीजी आपूर्ति 70 प्रतिशत तक बहाल हो चुकी है और अप्रैल माह में एक लाख 84 हजार टन से अधिक वाणिज्यिक एलपीजी की बिक्री हुई है। उन्होंने कहा कि कल तक 8 हजार 838 टन से अधिक वाणिज्यिक एलपीजी की बिक्री हुई। सचिव ने आगे बताया कि 5 किलो के सिलेंडरों की आपूर्ति लगभग दोगुनी हो गई है और कल लगभग 73 हजार सिलेंडर बिके।

पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव मुकेश मंगल ने बताया कि सभी भारतीय बंदरगाहों पर परिचालन सामान्य है और किसी भी प्रकार की भीड़भाड़ की सूचना नहीं मिली है। उन्होंने आगे कहा कि क्षेत्र में मौजूद सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और पिछले 24 घंटों में किसी भी भारतीय ध्वज वाले जहाज से संबंधित कोई घटना दर्ज नहीं की गई है। श्री मंगल ने रेखांकित किया कि जहाजरानी महानिदेशालय के नियंत्रण के माध्यम से मंत्रालय ने 2 हजार 829 भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की है। उन्होंने आगे बताया कि पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सरबानंदा सोनोवाल ने हाल ही में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय, उर्वरक विभाग और विदेश व्यापार महानिदेशालय के अधिकारियों के साथ होर्मुज जलडमरूमध्य से संबंधित मुद्दों पर एक समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि मंत्री ने समुद्री परिचालन और जहाजरानी के माध्यम से आयात और निर्यात गतिविधियों के सुचारू रूप से चलने को सुनिश्चित करने के उपायों की भी समीक्षा की।