सितम्बर 18, 2025 5:24 अपराह्न

printer

उझ नदी बहुउद्देशीय परियोजना के पुनरुद्धार से पंजाब और जम्मू-कश्मीर को लाभ होगा: केन्द्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह

प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा है कि कठुआ जिले में उझ नदी बहुउद्देशीय परियोजना के पुनरुद्धार से पंजाब और जम्मू-कश्मीर को लाभ होगा। इससे सीमा पार से घुसपैठ पर अंकुश भी लगेगा।

  

मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने पर सिंधु जल संधि के अन्‍तर्गत भारत को आवंटित रावी, व्यास और सतलुज नदियों के जल का उपयोग बढ़ेगा और पानी की दीर्घकालिक कमी दूर हो सकेगी। उन्होंने कहा कि इससे पंजाब के गुरदासपुर और पठानकोट तथा जम्मू-कश्मीर के सांबा और कठुआ में लगभग 90 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि की सिंचाई होगी।

 

डॉ. सिंह ने कहा कि पंजाब में हाल की बाढ़ से कृषि भूमि और सीमा सुरक्षा बल के प्रतिष्ठानों को नुकसान हुआ है। इसके साथ ही, यह क्षेत्र घुसपैठ के लिए असुरक्षित प्रवेश द्वार भी प्रदान कर रहा है।

 

डॉ. सिंह ने पठानकोट के बाढ़ प्रभावित इलाकों के दौरे के दूसरे दिन आज मीडिया से बात की। उन्होंने पठानकोट के कुछ बाढ प्रभावित गाँवों का दौरा कर बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की। डॉ. सिंह ने घरों और दुकानों को बाढ से हुए नुकसान के लिए मुआवज़ा देने का आश्‍वासन दिया।