अप्रैल 29, 2026 9:47 अपराह्न

printer

असम में 35 वर्षों बाद एक चरण में चुनाव: मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग गोयल

असम के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग गोयल ने कहा है कि असम में लगभग 35 वर्षों के बाद एक चरण में चुनाव हुए हैं। उन्होंने विधानसभा चुनाव 2026 को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि पिछले पांच विधानसभा चुनावों में इस बार सबसे अधिक मतदान हुआ। आज गुवाहाटी में एक प्रेस वार्ता में श्री गोयल ने मतदाता भागीदारी, व्यवस्था और मतगणना की तैयारियों का विस्तृत विवरण दिया। उन्होंने बताया कि सभी 35 जिलों में 40 मतगणना केंद्र स्थापित किए गए हैं। कोकराझार, तिनसुकिया और जोरहाट में दो-दो केंद्र होंगे, जबकि नागांव में तीन केंद्र होंगे। 126 पर्यवेक्षक 5 हजार 9 सौ 81 कर्मियों और 2 हजार 3 सौ 48 सूक्ष्म पर्यवेक्षकों के सहयोग से मतगणना प्रक्रिया की निगरानी करेंगे।

श्री गोयल ने बताया कि निर्वाचन क्षेत्र के आधार पर मतगणना 15 से 28 चरणों में होगी और करीबी मुकाबले वाली सीटों पर पुनर्गणना का प्रावधान है। डाक मतपत्रों की जांच रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा सीधे की जाएगी। उन्होंने कहा कि मतगणना के सुचारू संचालन के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ, सुरक्षित और कुशलता पूर्वक संपन्न होगी।