अप्रैल 29, 2026 8:07 अपराह्न

printer

स्वास्थ्य मंत्रालय गुरुवार से चंडीगढ़ में 10वां राष्ट्रीय शिखर सम्मेलन आयोजित करेगा

स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय कल से चंडीगढ़ में सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणालियों में बेहतर और अनुकरणीय प्रथाओं तथा नवाचारों पर 10वें राष्ट्रीय शिखर सम्मेलन का आयोजन करेगा। दो दिवसीय शिखर सम्मेलन का उद्घाटन स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा करेंगे। मंत्रालय ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य सार्वजनिक स्वास्थ्य चुनौतियों से निपटने के लिए राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों द्वारा अपनाई गई नवोन्मेषी और प्रभावशाली प्रथाओं को प्रदर्शित करना, उन्हें मान्यता देना और उनका दस्तावेजीकरण करना है। यह सम्मेलन अनुभव साझा करने और सफल मॉडलों को देश भर में लागू करने का अवसर प्रदान करेगा। वार्षिक शिखर सम्मेलन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा वितरण और तकनीकी क्षेत्रों में ऐसे साक्ष्य-आधारित और प्रभावी नवाचारों को प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करता है, जिनसे स्वास्थ्य परिणामों में उल्लेखनीय सुधार हुए हैं। सम्मेलन में प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल को बेहतर बनाने, डिजिटल स्वास्थ्य नवाचारों और सेवा वितरण प्रणालियों में सुधार जैसे प्रमुख क्षेत्रों पर पूर्ण सत्र, चर्चाएँ और प्रदर्शनियाँ आयोजित होंगी।