स्वास्थ्य और इससे जुडे़ अच्छे व्यवहारों के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए आज दुनिया भर में विश्व स्वास्थ्य दिवस मनाया जा रहा है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार इस वर्ष का विषय है स्वस्थ शुरुआत, आशावादी भविष्य। इस विषय का उद्देश्य मातृ और नवजात मृत्यु को रोकना और महिलाओं के दीर्घकालिक स्वास्थ्य तथा कल्याण को प्राथमिकता देना है। इस अवसर पर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक स्वस्थ विश्व के निर्माण के लिए अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की। अपने संदेश में, उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सेवा पर ध्यान केंद्रित करना जारी रखेगी और लोगों के कल्याण के विभिन्न पहलुओं में निवेश करेगी। श्री मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि अच्छा स्वास्थ्य हर संपन्न समाज की नींव है।
आकाशवाणी समाचार के साथ एक विशेष साक्षात्कार में, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने स्वास्थ्य क्षेत्र में देश की सराहनीय उपलब्धियों पर प्रकाश डाला, जिसमें मातृ और शिशु मृत्यु दर में उल्लेखनीय गिरावट शामिल है। उन्होंने सभी से स्वस्थ जीवन शैली अपनाने की भी अपील की।
यह साक्षात्कार आज रात 8 बजे से 100.1 आकाशवाणी गोल्ड चैनल और अन्य फ्रिक्वेंसी पर प्रसारित किया जाएगा। यह आकाशवाणी के सभी सोशल मीडिया पर भी उपलब्ध होगा।