मई 11, 2026 10:27 अपराह्न

printer

वाराणसी में ‘सोमनाथ संकल्प महोत्सव’ में शामिल हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के साथ वाराणसी में आयोजित ‘सोमनाथ संकल्प महोत्सव’ में भाग लिया। यह कार्यक्रम श्री काशी विश्वनाथ धाम परिसर में आयोजित किया गया।

इस अवसर पर मौजूद अतिथियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा गुजरात के सोमनाथ मंदिर में की गई विशेष महापूजा, कुंभाभिषेक और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों का सीधा प्रसारण देखा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ का सपना साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि सोमनाथ मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम, महाकाल महालोक और अयोध्या में राम मंदिर सहित कई धार्मिक स्थलों का भव्य विकास किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कार्यक्रम भारत की सांस्कृतिक चेतना, आध्यात्मिक परंपरा और राष्ट्रीय स्वाभिमान के पुनर्जागरण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति पर कई बार आक्रमण हुए, लेकिन इसे कभी पराजित नहीं किया जा सका।