मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
signal

अप्रैल 3, 2025 8:48 अपराह्न

printer

भारत और थाईलैंड ने छह समझौतों पर हस्ताक्षर किए

भारत और थाईलैंड ने सूचना प्रौद्योगिकी, समुद्री, सूक्ष्‍म लघु और मध्‍यम उद्यम, हस्तशिल्प और हथकरघा सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के लिए छह समझौतों पर हस्ताक्षर किए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और थाईलैंड की प्रधानमंत्री पैतोंगतार्न शिनावात्रा के बीच बैंकॉक में आज द्विपक्षीय वार्ता के बाद ये समझौते हुए। दोनों देशों ने द्विपक्षीय संबंधों की प्रगति की समीक्षा की और भारत-थाईलैंड द्विपक्षीय साझेदारी को और अधिक प्रगाढ़ बनाने के उपायों पर चर्चा की। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी को औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। द्विपक्षीय वार्ता के बाद संयुक्त बयान में प्रधानमंत्री मोदी ने भारत-थाईलैंड संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के रूप में स्‍थापित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि थाईलैंड का भारत की ‘एक्ट ईस्ट’ नीति और हिंद-प्रशांत दृष्टिकोण में विशेष स्थान है। श्री मोदी ने कहा कि उन्होंने दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियों के बीच एक ‘रणनीतिक संवाद’ स्थापित करने पर चर्चा की।

    श्री मोदी ने कहा कि वार्ता के दौरान, दोनों पक्षों ने पूर्वोत्तर भारत और थाईलैंड के बीच पर्यटन, संस्कृति और शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग पर बल दिया। दोनों नेताओं ने आपसी व्यापार, निवेश और कारोबारियों के बीच आदान-प्रदान बढ़ाने पर भी चर्चा की। प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि सूक्ष्‍म, लघु और मध्‍यम उद्यम, हथकरघा तथा हस्तशिल्प में सहयोग के लिए भी समझौते किए गए हैं।

    उन्होंने कहा कि भारत आसियान एकता और एकजुटता का पूरा समर्थन करता है। श्री मोदी ने कहा कि भारत और थाईलैंड स्वतंत्र, मुक्‍त और समावेशी हिंद-प्रशांत का समर्थन करते हैं।

    प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और थाईलैंड के बीच सदियों पुराने संबंध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक सूत्रों से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि बौद्ध धर्म के प्रसार ने दोनों देशों के लोगों को जोड़ा और अयुत्या से नालंदा तक विद्वानों का आदान-प्रदान हुआ है। उन्होंने कहा कि रामायण की कहानी थाई लोक जीवन में गहराई से निहित है और संस्कृत-पाली का प्रभाव आज भी भाषाओं और परंपराओं में दिखाई देता है।

    श्री मोदी ने हाल ही में आए भूकंप में जानमाल के नुकसान पर भारत की संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने प्रधानमंत्री शिनावात्रा के स्वागत और आतिथ्य के लिए आभार भी व्यक्त किया।   

    सद्भावना के संकेत के रूप में, थाई सरकार ने श्री मोदी की यात्रा को चिह्नित करने के लिए 18वीं शताब्दी के रामायण भित्ति चित्रों को दर्शाते हुए एक विशेष डाक टिकट जारी किया। दोनों देशों के बीच घनिष्ठ सांस्कृतिक और धार्मिक संबंधों को रेखांकित करते हुए, प्रधानमंत्री को थाई प्रधानमंत्री शिनावात्रा ने पाली में बौद्ध धर्म के पवित्र ग्रंथ ति-पिटक का एक विशेष संस्करण भेंट किया। भारत और थाईलैंड के बीच घनिष्ठ सभ्यतागत संबंधों को और गहरा करने के संकेत के रूप में, प्रधानमंत्री ने गुजरात से खुदाई करके लाए गए भगवान बुद्ध के अवशेषों को थाईलैंड भेजने की पेशकश की, ताकि लोग उनका सम्मान कर सकें।

    इससे पहले आज सुबह बैंकॉक पहुंचने पर श्री मोदी का थाईलैंड के उप प्रधानमंत्री सूर्या जुंगरुंगरेंगकिट ने हवाई अड्डे पर स्वागत किया। श्री मोदी कल होने वाले छठे बिम्सटेक शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए थाईलैंड की दो दिन की यात्रा पर हैं।

    प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि वे आगामी आधिकारिक कार्यक्रमों में भाग लेने और भारत तथा थाईलैंड के बीच सहयोग मजबूत करने के लिए उत्सुक हैं। भारतीय समुदाय से मिले गर्मजोशी भरे स्वागत पर आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि भारत और थाईलैंड के बीच एक गहरे सांस्कृतिक संबंध हैं। प्रधानमंत्री ने थाई रामायण, रामकियेन का आकर्षक प्रदर्शन भी देखा। उन्होंने कहा कि यह वास्तव में समृद्ध अनुभव था, जिसने भारत और थाईलैंड के बीच साझा सांस्कृतिक और सभ्यतागत संबंधों को सुंदरता से प्रदर्शित किया। श्री मोदी ने कहा कि रामायण एशिया के कई भागों के दिलों और परंपराओं को जोड़ती है।

    छठे बिम्सटेक शिखर सम्मेलन का विषय है “बिम्सटेक – समृद्ध, अनुकूल और मुक्‍त”। शिखर सम्मेलन में बैंकॉक विज़न 2030 को भी अपनाया जाएगा।

    शिखर सम्मेलन में भाग लेने के बाद, प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति अनुर कुमार दिसानायक के निमंत्रण पर कल तीन दिन की यात्रा के लिए श्रीलंका जाएंगे। प्रधानमंत्री की अपने कार्यकाल के दौरान श्रीलंका की यह चौथी यात्रा होगी। भारत-श्रीलंका संबंध इतिहास, धर्म, संस्कृति और लोगों के बीच मजबूत संबंधों पर आधारित हैं। श्रीलंका भारत की पड़ोस प्रथम नीति का एक अभिन्न अंग है और यह संबंध समय की कसौटी पर खरा उतरा है।

सर्वाधिक पठित

सम्पूर्ण जानकारी

09/04/25 | 6:14 अपराह्न

पोषण पखवाड़ा 2025

13/03/25 | 6:26 अपराह्न

विश्व किडनी दिवस

09/02/25 | 8:17 अपराह्न

परीक्षा पे चर्चा

08/02/25 | 7:40 अपराह्न

विधानसभा उपचुनाव

02/02/25 | 3:15 अपराह्न

हेरोइन की खेप बरामद

30/01/25 | 9:00 अपराह्न

सर्वदलीय बैठक

30/01/25 | 8:43 अपराह्न

सीबीआई ने ली तलाशी

02/01/25 | 9:04 अपराह्न

शीतलहर का अनुमान

01/01/25 | 7:59 अपराह्न

ऑपरेशन बुलेट राजा

23/11/24 | 4:39 अपराह्न

झारखंड ताज़ा रुझान 

22/09/24 | 9:03 अपराह्न

खेल की दुनिया से….

17/08/24 | 8:41 अपराह्न