रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की नई दिल्ली में जापान के रक्षा मंत्री जनरल नाकातानी के साथ द्विपक्षीय बैठक हो रही है। अपने प्रारम्भिक भाषण में श्री सिंह ने पहलगाम आतंकी हमले के परिदृश्य में भारत के साथ एकजुटता प्रदर्शित करने के लिए जापान के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने भारत- जापान रक्षा संबंधो को प्रगाढ़ करने के लिए जनरल नाकातानी के योगदान की सराहना की।
दोनों पक्ष वर्तमान क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा स्थिति पर विचारों का आदान-प्रदान कर रहे हैं। दोनों पक्ष द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को और प्रगाढ़ बनाने के तरीको पर चर्चा भी कर रहे हैं। बैठक के पहले जनरल नाकातानी को तीनों सेवाओं का गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
भारत और जापान दीर्घ कालिक मित्रता साझा करते हैं। 2014 में दोनो देशों के सहयोग को विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी तक बढ़ाए जाने के बाद इस मित्रता की गुणात्मक गति और बढ़ गई है। रक्षा और सुरक्षा दोनो देशों के बीच के संबंधों के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। सामरिक मामलों पर बढ़ती समरूपता के कारण हाल के वर्षो में भारत और जापान के बीच के रक्षा आदान-प्रदान सशक्त हुए हैं।
हिन्द-प्रशांत क्षेत्र की शांति, सुरक्षा और स्थिरता के मुद्दों पर सामान्य रूप से इसका महत्व बढ़ रहा है। पिछले वर्ष नवम्बर महीने में लाओ पिपुल्स डेमोक्रेटिक रिपब्लिक में आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक से अलग हुई पहली बैठक के बाद दोनो रक्षा मंत्रियों की छह महीने में यह दूसरी बैठक है।