कोयला मंत्रालय ने आत्मनिर्भर भारत: ऊर्जा सुरक्षा के लिए कोयला विषय पर प्रमुख हितधारकों के साथ मुंबई में कल परामर्श बैठक की। इस दौरान वाणिज्यिक कोयला खदानों की नीलामी के 15वें चरण का शुभारंभ भी किया।
कोयला सचिव विक्रम देव दत्त ने नीलामी चरण का औपचारिक शुभारंभ करते हुए कहा कि 2020 में वाणिज्यिक कोयला खनन की शुरुआत ने प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देकर, निजी भागीदारी को प्रोत्साहित करके और घरेलू कोयले की उपलब्धता में सुधार करके एक क्रांतिकारी बदलाव लाया है।
उन्होंने सरकार के समग्र दृष्टिकोण की आवश्यकता पर बल दिया। नियमों को सरल बनाने और अनुकूल वातावरण बनाने के लिए मंत्रालयों, राज्य सरकारों तथा उद्योग के हितधारकों के बीच समन्वित प्रयासों का आह्वान किया।
वर्तमान चरण में कुल 11 कोयला ब्लॉकों की पेशकश की गई है। इनमें 7 पूरी तरह खोजे गए और 4 आंशिक रूप से खोजे गए खदान शामिल हैं। ये ब्लॉक झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मध्य प्रदेश और तेलंगाना में स्थित हैं। इनसे महत्वपूर्ण निवेश आकर्षित होने, घरेलू कोयले की आपूर्ति बढ़ने और रोजगार सृजित होने की उम्मीद है।