अप्रैल 27, 2026 9:04 पूर्वाह्न

printer

पश्चिम बंगाल: आज थमेगा विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए चुनाव प्रचार

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए चुनाव प्रचार आज शाम समाप्त हो जाएगा। दूसरे चरण में 29 अप्रैल को 142 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होगा। इन विधानसभा क्षेत्रों में उत्तर कोलकाता, दक्षिण कोलकाता, हावड़ा, नादिया, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, हुगली और पूर्वी बर्धमान सहित आठ चुनावी जिले शामिल हैं।

सभी प्रमुख दलों के नेता रैलियां कर रहे हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज जगतदल के जिलेपी मठ में जनसभा को संबोधित करेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दो रोड शो करेंगे। पहला बेहाला थाना से मंटन तक होगा। दूसरा हुगली के चंदननगर बागबाजार में होगा।

तृणमूल कांग्रेस की नेता और मुख्‍यमंत्री ममता बनर्जी आज जादवपुर और टॉलीगंज निर्वाचन क्षेत्रों से पार्टी के उम्मीदवारों के समर्थन में जादवपुर के सुकांत सेतु से जनसभा मार्च में शामिल होंगी। बाद में, वह अपने निर्वाचन क्षेत्र भावानीपुर में एक जनसभा कार्यक्रम करेंगी। तृणमूल कांग्रेस के अखिल भारतीय महासचिव अभिषेक बनर्जी पार्टी के उम्मीदवारों के समर्थन में राणाघाट, हुगली, आरामबाग और महेशतला में प्रचार करेंगे।

23 अप्रैल को पहले चरण में रिकॉर्ड 93.19 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। केरल, असम, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और पुद्दुचेरी में 4 मई को मतगणना होगी।