बलूचिस्तान में नागरिकों के खिलाफ हिंसा लगातार जारी है। प्रमुख मानवाधिकार संगठनों ने पाकिस्तानी सेना द्वारा एक व्यक्ति की गैर-कानूनी हत्या और दो महिलाओं के जबरन लापता होने की घटना को उजागर किया है। बलूचिस्तान मानवाधिकार परिषद ने बताया कि केच जिले के तुंप क्षेत्र के निवासी आमिर नूर को 28 अप्रैल को पाकिस्तान समर्थित एक आतंकी दस्ते ने गोली मार दी, जब वह अपनी पत्नी और बहन के साथ इलाज के लिए कराची जा रहे थे। बलूच महिला मंच ने भी बलूचिस्तान में महिलाओं के जबरन लापता होने की खबरों पर गहरी चिंता व्यक्त की है और कहा है कि इन घटनाओं ने नागरिकों में भय, अनिश्चितता और पीड़ा को बढ़ावा दिया है।
इस बीच, एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन ने पाकिस्तानी अधिकारियों से मानवाधिकार कार्यकर्ता हनीफ पश्तीन और नूर उल्लाह तरीन को रिहा करने और उनके परिवारों को तुरंत उनके ठिकाने की जानकारी देने का आह्वान किया है।