भारतीय कुश्ती महासंघ (यूडब्ल्यूडब्ल्यू) ने विनेश फोगाट को अनुशासनहीनता और डोपिंग रोधी नियमों के उल्लंघन के आरोप में कारण बताओ नोटिस जारी किया है। 15 पृष्ठों के नोटिस में महासंघ ने कहा है कि यूडब्ल्यूडब्ल्यू डोपिंग विरोधी नियमों के अंतर्गत संन्यास से वापसी करने वाले खिलाड़ियों के लिए अनिवार्य छह महीने की नोटिस अवधि पूरी न करने के कारण विनेश इस वर्ष 26 जून तक घरेलू प्रतियोगिताओं में भाग नहीं ले सकती हैं।
महासंघ ने उनसे चार आरोपों पर स्पष्टीकरण मांगा है। इनमें 2024 पेरिस ओलंपिक से उनकी अयोग्यता भी शामिल है। इसमें डोपिंग विरोधी जांच में विफलता और मार्च 2024 के चयन परीक्षणों के दौरान दो भार वर्गों में उनकी भागीदारी का आरोप लगाया गया है। इस कारण विनेश कल से गोंडा में होने वाले राष्ट्रीय ओपन रैंकिंग प्रतियोगिता में भाग नहीं ले सकेंगी। विनेश को इस नोटिस का जवाब देने के लिए 14 दिन का समय दिया गया है।