मई 19, 2026 8:25 पूर्वाह्न

printer

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर को भारत का मजबूत, आत्मविश्वासी और सक्षम राष्ट्र बनने का प्रतीक बताया

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर को भारत के मजबूत, आत्मविश्वासी और सक्षम राष्ट्र बनने का प्रतीक बताया है।

कल हनोई में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने कहा कि भारत “पहले परमाणु हमला नहीं” करने की नीति के प्रति प्रतिबद्ध है, लेकिन वह परमाणु धमकी के आगे नहीं झुकेगा और किसी भी दुश्मन की दुस्साहसपूर्ण कार्रवाई का करारा जवाब देने के लिए तैयार है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने अभूतपूर्व प्रगति की है, जिससे वैश्विक मंच पर देश की प्रतिष्ठा लगातार बढ़ रही है। रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत सेमीकंडक्टर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है और यह केवल तकनीकी प्रगति ही नहीं, बल्कि नए भारत की पहचान भी है।

श्री सिंह ने वैश्विक शांति, साझा विकास और समृद्धि के लिए दुनिया से भारत के साथ साझेदारी करने का आह्वान किया। साथ ही, भारतीय समुदाय से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील भी की।