अमरीका ने कहा कि वह पश्चिम एशिया में चल रहे क्षेत्रीय संघर्ष को समाप्त करने के उद्देश्य से एक प्रस्तावित 14-सूत्रीय रूपरेखा पर ईरान की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहा है।
अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने संकेत दिया कि तेहरान की प्रतिक्रिया वार्ता के अगले चरण को निर्धारित कर सकती है। वहीं, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने हालिया अमरीकी सैन्य कार्रवाइयों की आलोचना करते हुए अमरीका पर तनाव बढ़ाकर कूटनीतिक प्रयासों को कमजोर करने का आरोप लगाया।
ये ताजा घटनाक्रम होर्मुज जलडमरूमध्य और उसके आसपास की घटनाओं के बाद सामने आए हैं, जिनमें ईरानी और अमरीका सेनाओं के बीच नौसैनिक मुठभेड़ की खबरें शामिल हैं। अमरीका के अधिकारियों ने ईरान के ड्रोन कार्यक्रम से जुड़े नेटवर्क को निशाना बनाते हुए नए प्रतिबंधों की भी पुष्टि की है।
हालांकि तनाव के बावजूद, न तो अमरीका और न ही ईरान ने औपचारिक रूप से युद्धविराम के टूटने की घोषणा की है। इस बीच, इस्राएल ने दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्लाह के बुनियादी ढांचे को नष्ट करने के लिए अपने अभियान तेज कर दिए हैं। लेबनान और हिजबुल्लाह ने अमरीका-मध्यस्थता वाले युद्धविराम का उल्लंघन करने के लिए इस्राएल पर आरोप लगाया है।