मई 10, 2026 7:41 पूर्वाह्न

printer

अमेरिका ने एच-1बी वीजा के तहत नियुक्त कर्मचारियों के न्यूनतम वेतन में 30% वृद्धि का प्रस्ताव रखा

अमरीका ने एच-वन-बी वीजा कार्यक्रम के तहत कर्मचारियों की नियुक्ति के लिए पहले से तय न्यूनतम वेतन में तीस प्रतिशत वृद्धि का प्रस्ताव रखा है। प्रशासन ने कहा है कि कम वेतन पर विदेशी कर्मी उपलब्ध न होने से अमरीकी नागरिकों के वेतन में कटौती पर रोक लगेगी।

नए नियम में प्रवेश स्तर से लेकर सबसे अनुभवी स्तर तक चार श्रेणियों के लिए न्यूनतम वेतन बढ़ाने का प्रस्ताव है। सरकार का तर्क है कि मौजूदा वेतन स्तर 20 साल पहले तय किए गए थे और अमरीकी श्रमिकों को पर्याप्त सुरक्षा प्रदान नहीं करते हैं।

इस नियम के तहत 26 मई तक जनता से सुझाव मांगे गए हैं। प्रवेश स्तर के श्रमिकों के लिए वर्तमान वेतन को बढ़ाकर 97 हजार सात सौ 46 अमरीकी डॉलर करने का प्रस्ताव है, जो पुरानी दरों से 33 दशमलव तीन- नौ प्रतिशत अधिक है।

श्रम विभाग के अनुसार वर्तमान पद्धति से नियोक्ता विदेशियों को समान रूप से कार्यरत अमरीकी कर्मचारियों की तुलना में काफी कम वेतन पर नियुक्त कर लेते है।

प्रस्तावित परिवर्तन से एच-वन-बी, एच-वन-बी-वन, ई-थ्री और PERM श्रम प्रमाणन कार्यक्रमों में लागू मौजूदा वेतन मान में वृद्धि होगी।

प्रस्तावित नियमों को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रिया सामने आई हैं, जिनमें समर्थन और विरोध दोनो  शामिल हैं।