प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच देशों की यात्रा के पहले चरण में कल अबू धाबी जाएंगे। प्रधानमंत्री कल से 20 मई तक संयुक्त अरब अमीरात-यूएई, नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली की यात्रा करेंगे। विदेश मंत्रालय में सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने बताया कि अपनी पांच देशों की यात्रा के पहले चरण में, श्री मोदी संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा कि दोनों नेता द्विपक्षीय मुद्दों, विशेष रूप से ऊर्जा सहयोग, साथ ही पारस्परिक हित के क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे।
यह पिछले पांच महीनों में श्री मोदी और संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के बीच दूसरी मुलाकात होगी। दोनों नेताओं की पिछली मुलाकात जनवरी में नई दिल्ली में हुई थी। पिछली मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति के बीच प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, अर्थव्यवस्था और खाद्य सुरक्षा पर चर्चा हुई थी।
बैठक के दौरान दोनों देश अपनी व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और आगे बढ़ाने पर चर्चा करेंगे। संयुक्त अरब अमीरात में रहने वाले चालीस लाख से अधिक भारतीयों का कल्याण भी बातचीत के मुद्दों में शामिल होगा।
बैठक के दौरान ऊर्जा सुरक्षा प्रमुख मुद्दा रहेगा। भारत पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और वैश्विक तेल बाजारों पर लगातार दबाव के बीच स्थिर आपूर्ति सुनिश्चित करने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है।