अप्रैल 28, 2026 12:51 अपराह्न

printer

अल्पसंख्यक धार्मिक स्थलों पर हमलों के मद्देनजर अमरीकी संसद में एक विधेयक पेश किया गया

अमरीका में अल्‍पसंख्‍यकों के पूजा स्‍थलों पर कई हमलों के मद्देनजर हिन्‍दू मंदिरों और अन्‍य पूजा स्‍थलों की सुरक्षा के लिए संसद में एक विधेयक पेश किया गया है। धार्मिक समागम और प्रतिष्‍ठानों को व्‍यवधान से बचाने के लिए सुरक्षा संबंधी विधेयक के अंतर्गत पूजा स्‍थल के 100 फीट के दायरे के अंतर्गत भय का माहौल पैदा करना, लोगों को परेशान करना और व्‍यवधान डालने को संघीय अपराध माना गया है। इस विधेयक को निचले सदन-हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव के सदस्‍य टॉम सुओजी ने पेश किया। समर्थकों का कहना है कि मंदिरों, मस्जिदों और गिरिजाघरों में भी इसी तरह के हमले देखे गए हैं। प्रस्‍ताव के तहत पहली बार कानून का उल्‍लंघन करने वालों पर जुर्माना और एक साल की सजा का प्रावधान है। बार-बार अपराध करने वालों पर तीन साल तक की कैद सहित कड़े दंड का प्रावधान है। विधेयक के तहत पीडि़त लोग मामले दर्ज करा सकते हैं।

अमरीका में हाल के वर्षों में घृणा अपराध के मामलों में वृद्धि देखी गई है। हिन्‍दू, यहूदी, मुस्लिम और सिखों सहित धार्मिक अल्‍पसंख्‍यकों ने सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर की। सांसदों का कहना है कि इस विधेयक का उद्देश्‍य संवैधानिक अधिकारों के साथ सार्वजनिक सुरक्षा को संतुलित रखना है।