मई 11, 2026 1:54 अपराह्न

printer

विदेशी मुद्रा की आवश्यकता वाली वस्तुओं पर खर्च कम करें : केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव

सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मौजूदा वैश्विक अनिश्चितताओं को देखते हुए नागरिकों और कारोबारियों से विदेशी मुद्रा की आवश्यकता वाली वस्तुओं पर होने वाले खर्च को कम करने का आग्रह किया है। नई दिल्ली में आज आयोजित सीआईआई के वार्षिक व्यापार शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री वैष्णव ने कहा कि पश्चिम एशिया में संघर्ष अभी भी जारी है और शांति की स्थिति अभी दूर है। देश के लिए आर्थिक मोर्चे पर जिम्मेदारी से काम करना महत्वपूर्ण है।

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि नागरिकों को अपने दैनिक जीवन में उन क्षेत्रों की पहचान करनी चाहिए जहां विदेशी मुद्रा का खर्च कम से कम किया जा सके। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील का जिक्र करते हुए श्री वैष्णव ने कहा कि ऐसे खर्चों को कम करने के साथ-साथ विदेशी मुद्रा आय बढ़ाने की भी आवश्यकता है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि देश की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए दोनों प्रयासों का साथ-साथ चलना जरूरी है।