विधि और न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने आज नई दिल्ली के शास्त्री भवन में महिला आरोग्यम कक्ष का उद्घाटन किया। श्री मेघवाल ने इस पहल के लिए विभाग की प्रशंसा करते हुए इसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘हम फिट तो इंडिया फिट’ अभियान को साकार करने की दिशा में एक सार्थक कदम बताया।
केन्द्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि एक स्वस्थ और समावेशी भारत के निर्माण के लिए महिला कर्मचारियों का स्वास्थ रहना आवश्यक है। श्री मेघवाल ने महिलाओं को इस कक्ष का भरपूर उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया।
महिला आरोग्यम कक्ष को पहले इस्तेमाल न किए जाने वाले गैरेज की जगह अब एक जीवंत, स्वास्थ्य-केंद्रित क्षेत्र में बदल दिया गया है। इसमें व्यायाम उपकरण और स्तनपान कराने वाली माताओं के लिए एक निजी स्तनपान कक्ष भी है।