दिल्ली सरकार ने बढ़ती गर्मी और लू को देखते हुए पुरानी दिल्ली में जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन के पास हीट वेव एक्शन प्लान के अंतर्गत विशेष कूलिंग जोन तैयार किया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि यहां 70 से 80 लोगों के बैठने की व्यवस्था, ठंडे पानी और ओआरएस की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, ताकि राहगीरों, पर्यटकों, रिक्शा चालकों और श्रमिकों को गर्मी से राहत मिल सके।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार केवल व्यवस्था बनाने तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि लोगों तक सीधी राहत पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। श्रीमती गुप्ता ने अधिकारियों को भीड़भाड़ वाले अन्य इलाकों में भी ऐसे राहत केंद्र विकसित करने के निर्देश दिए हैं।