मई 6, 2026 2:26 अपराह्न

printer

वेव्‍स डॉक बाज़ार का दूसरा चरण 16-18 जून तक, मुम्‍बई के एन.एफ.डी.सी. परिसर में होगा आयोजित

वेव्‍स डॉक बाज़ार का दूसरा चरण 16 से 18 जून तक 19वें मुम्‍बई इंटरनेशनल फिल्‍म फेस्टिवल के साथ मुम्‍बई के एन.एफ.डी.सी. परिसर में आयोजित किया जाएगा। वेव्‍स डॉक बाज़ार वृतचित्र, एनिमेशन और लघु फिल्‍म निर्माताओं को समन्‍वय, मार्गदर्शन, बाज़ार पहुंच और वैश्विक प्रदर्शन का अवसर प्रदान करके उन्‍हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्‍साहित करता है।

इस बाज़ार में प्रदर्शन कक्ष है, जिसमें हाल में बने वृतचित्र, लघु और एनिमेशन फिल्‍मों को चुने हुए दर्शकों को दिखाया जाता है। ये दर्शक पंजीकृत प्रतिनिधि होते हैं। इस बाज़ार में वर्क इन प्रोग्रेस लैब-डब्‍ल्‍यू.आई.पी. को निर्माणाधीन वृतचित्र और एनिमेशन फिल्‍मों के लिए विशेष रूप से बनाया गया है। इसमें चुने हुए प्रतिभागियों को अनुभवी फिल्‍म निर्माताओं, सम्‍पादकों और अंतरराष्‍ट्रीय स्‍तर के मार्गदर्शकों से महत्‍वपूर्ण फीडबैक और मार्गदर्शन प्राप्‍त करने का अवसर मिलता है, जिससे उन्‍हें विस्‍तृत दर्शक वर्ग के अनुरूप अपनी फिल्‍मों को बेहतरीन बनाने में मदद मिलती है।

वेव्‍स डॉक बाज़ार में प्रदर्शन कक्ष और वर्क इन प्रोग्रेस-डब्‍ल्‍यू.आई.पी. प्रयोगशाला के लिए प्रवेश खुला हुआ है। इच्‍छुक प्रतिभागी 15 मई तक आवेदन कर सकते हैं।