प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल रात गोथेनबर्ग में स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन से बातचीत की। श्री मोदी दो दिन के स्वीडन दौरे पर कल गोथेनबर्ग पहुंचे। प्रधानमंत्री मोदी को भारत-स्वीडन संबंधों में असाधारण योगदान और दूरदर्शी नेतृत्व के सम्मान में ‘रॉयल ऑर्डर ऑफ द पोलर स्टार, डिग्री कमांडर ग्रैंड क्रॉस’ से सम्मानित किया गया।
प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के दौरान, दोनों नेताओं ने भारत-स्वीडन संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा की। इस दौरान द्विपक्षीय संबंधों को रणनीतिक साझेदारी तक बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की गई। उन्होंने व्यापार और निवेश, प्रौद्योगिकी और नवाचार, हरित परिवर्तन, अंतरिक्ष, उभरती प्रौद्योगिकियों, रक्षा और सुरक्षा, लघु एवं मध्यम उद्यम, अनुसंधान तथा लोगों के बीच आपसी संबंधों को प्रगाढ करने के बारे में चर्चा की।
दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र और बहुपक्षीय संगठनों में सुधार की आवश्यकता पर बल दिया। बहुपक्षीय मंचों में सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति व्यक्त की गई। प्रधानमंत्री पांच देशों की यात्रा के चौथे चरण के लिए आज गोथेनबर्ग से नॉर्वे के ओस्लो के लिए रवाना होंगे। श्री मोदी नॉर्वे के ओस्लो में तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे।