मई 18, 2026 6:32 पूर्वाह्न

printer

पांच देशों की यात्रा के चौथे चरण में आज नॉर्वे पहुंचेंगे प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी पांच देशों की यात्रा के चौथे चरण में, आज नॉर्वे पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री मोदी की नॉर्वे की यह पहली यात्रा होगी। पिछले 43 वर्ष में नॉर्वे की यात्रा करने वाले श्री मोदी पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं। यात्रा के दौरान श्री मोदी तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन और द्विपक्षीय बैठकों में भाग लेंगे। प्रधानमंत्री नॉर्वे के सम्राट हेराल्ड पंचम और महारानी सोन्या से भेंट करेंगे। श्री मोदी का नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोरे के साथ द्विपक्षीय वार्ता का भी कार्यक्रम है।

प्रधानमंत्री नॉर्वे के प्रधानमंत्री के साथ भारत-नॉर्डिक व्यापार और अनुसंधान शिखर सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इस दौरान भारत-नॉर्डिक संबंधों में हुई प्रगति की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही स्वच्छ और हरित प्रौद्योगिकी तथा समुद्री अर्थव्यवस्था पर ध्यान केंद्रित करते हुए, संबंधों को और मजबूत करने के बारे में बातचीत होने की संभावना है।

तीसरा भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन कल आयोजित होगा। श्री मोदी के साथ नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोरे, डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेत फ्रेदरिक्सन, फिनलैंड के प्रधानमंत्री पेटेरी ओर्पो, आइसलैंड की प्रधानमंत्री क्रिस्टुन फ्रॉस्टडॉटिर और स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन भी शिखर सम्मेलन में भाग होंगे।

यह शिखर सम्मेलन प्रौद्योगिकी और नवाचार; हरित परिवर्तन और नवीकरणीय ऊर्जा; स्थिरता; समुद्री अर्थव्यवस्था; रक्षा; अंतरिक्ष और आर्कटिक क्षेत्र में भारत तथा नॉर्डिक देशों के बीच संबंधों को अधिक रणनीतिक स्‍वरूप प्रदान करेगा।