रेलवे ने वर्ष 2025-26 के दौरान अपनी दूरसंचार और डिजिटल अवसंरचना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण प्रगति की है। इसमें सुरक्षा बढ़ाने, परिचालन दक्षता में सुधार करने और यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करने पर विशेष ध्यान दिया गया है। रेल मंत्रालय ने बताया कि इस वर्ष की एक प्रमुख उपलब्धि इंटरनेट प्रोटोकॉल मल्टी-प्रोटोकॉल लेबल स्विचिंग-आई पी एम पी एल एस तकनीक के माध्यम से एकीकृत दूरसंचार बैकबोन अवसंरचना का विस्तार है। मंत्रालय ने कहा कि आई पी एम पी एल एस को एक हजार से अधिक रेलवे स्टेशनों पर सफलतापूर्वक चालू किया गया है। यह डिजिटल रूप से एकीकृत रेलवे पारिस्थितिकी तंत्र की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मंत्रालय ने कहा कि यात्री सुरक्षा के क्षेत्र में, रेलवे ने एक हजार आठ सौ से अधिक रेलवे स्टेशनों पर अपनी वीडियो निगरानी प्रणाली का विस्तार किया है। मंत्रालय ने यह भी बताया कि रेलवे के एक हजार चार सौ से अधिक स्टेशनों पर रेलगाडियों से संबंधित जानकारी की स्वचालित वास्तविक समय घोषणा की जा रही है। मंत्रालय ने कहा कि दूरसंचार अवसंरचना का निरंतर विस्तार और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस संचालित प्रणालियों की तैनाती एक आधुनिक रेल पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण में योगदान दे रही है। यह यात्रियों की जरूरतों के प्रति संवेदनशील है और डिजिटल इंडिया की परिकल्पना के अनुरूप है।
News On AIR | अप्रैल 7, 2026 9:38 अपराह्न
रेलवे ने 2025-26 में दूरसंचार और डिजिटल अवसंरचना में महत्वपूर्ण प्रगति दर्ज की