मध्य प्रदेश में ‘हर घर योग अभियान’ 21 जून तक चलेगा। मध्य प्रदेश आयुष विभाग ने आज से ‘हर घर योग अभियान’ की शुरुआत कर दी है। यूनेस्को ने 21 जून को ‘विश्व योग दिवस’ घोषित किया है और इसी को ध्यान में रखते हुए मध्यप्रदेश सरकार ने यह व्यापक अभियान शुरू किया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस अभियान को लेकर प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे योग को अपनी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाएं और इसे घर-घर तक पहुंचाएं। डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वस्थ और निरोगी जीवन के लिए योग को सबसे बेहतर उपाय बताया है।
इस अभियान के तहत प्रदेश के 800 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों (स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्रों) और सभी सरकारी अस्पतालों में तैनात योग शिक्षक 10 से 15 लोगों के छोटे-छोटे समूहों में योगाभ्यास करवाएंगे। इसके अलावा भोपाल के पंडित खुशीलाल आयुर्वेदिक कॉलेज के मास्टर ट्रेनर स्टूडियो से हर रोज 45 मिनट के लाइव योग सेशन का आयोजन किया जाएगा।
स्कूल और कॉलेजों में भी यह अभियान चलाया जाएगा ताकि युवा पीढ़ी योग से जुड़ सके। हर उम्र के लोगों को प्रेरित करने के लिए राज्य सरकार ने ‘योग-सखी’ और ‘योग-दूत’ तैयार किए हैं, जो अपने-अपने इलाकों में लोगों को योग के लिए प्रोत्साहित करेंगे। यह अभियान 21 जून यानी विश्व योग दिवस तक निरंतर जारी रहेगा।