इस वर्ष हज के लिए 371 हज यात्रियों का पहला जत्था आज नई दिल्ली से सऊदी अरब के मक्का के लिए रवाना हुआ।
जायरीन इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से मक्का के लिए रवाना हुए। अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय के सचिव डॉ. श्रीवत्स कृष्णा ने पहली उड़ान को रवाना किया। उन्होंने सुगम, सुरक्षित और आध्यात्मिक रूप से परिपूर्ण यात्रा के लिए सभी जायरीन को शुभकामनाएं दीं।
संवाददाताओं से बातचीत में दिल्ली हज कमेटी की अध्यक्ष कौसर जहां ने व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए कहा कि जायरीन के सहयोग के लिए समन्वित प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सभी सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है और सरकार हज यात्रा को सुगम, सुखद और आसान बनाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।
इस बीच, अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने हज यात्रियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सुगम, सुरक्षित और आरामदायक हज सुनिश्चित करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया।