मई 12, 2026 2:03 अपराह्न

printer

तमिलनाडु में टीवीके के जेसीडी प्रभाकर निर्विरोध विधानसभा अध्यक्ष चुने गए

तमिलनाडु विधायक जेसीडी प्रभाकर को आज सर्वसम्मति से विधानसभा अध्यक्ष चुना गया। कार्यवाहक अध्यक्ष एम.वी. करुपैया ने मुख्यमंत्री जोसेफ विजय द्वारा प्रस्तावित प्रभाकर के नाम की घोषणा की, जिसका सदन में पार्टी के नेता के.ए. सेंगोत्तैयान ने समर्थन किया। थोरायूर निर्वाचन क्षेत्र से तमिलनाडु के विधायक रवि शंकर को भी सर्वसम्मति से उपाध्यक्ष चुना गया।

बाद में सदन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने कहा कि सभी दलों को, उनकी संख्या चाहे जो भी हो, विधानसभा में बोलने का समान अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने विपक्ष से स्वस्थ चर्चा सुनिश्चित करने की अपील की और कहा कि सरकार सभी लोगों के कल्याण के लिए काम करेगी। विपक्ष के नेता और डीएमके विधायक उदयनिधि स्टालिन ने कहा कि तमिलनाडु को शासन और लोक सेवा में एक आदर्श के रूप में उभरना चाहिए। सदस्यों ने विधानसभा की कार्यवाही के सीधे प्रसारण की भी मांग की।

टी.वी. दिनाकरन के नेतृत्व वाली एएमएमके पार्टी के एकमात्र विधायक एस. कामराज ने अध्यक्ष की सराहना करते हुए कहा कि वे तमिलनाडु सरकार का समर्थन करेंगे। चुनाव के समय पार्टी एनडीए के साथ गठबंधन में थी।

अध्यक्ष ने ऑल इंडिया अन्‍ना डीएमके के अलग हुए गुट के नेता एस. पी. वेलुमणि को भी विधानसभा में बोलने की अनुमति दी। ऑल इंडिया अन्‍ना डीएमके के तीस विधायकों ने उन्हें विधायक दल का नेता चुना है, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री एडप्पाडी के. पलनीसामी को कथित तौर पर 17 विधायकों का समर्थन प्राप्त है।

भाजपा विधायक एम. भोजराजन ने कहा कि राज्य सरकार को जनता के कल्याण और विकास के लिए केंद्र के साथ समन्वय में काम करना चाहिए।

सदन में नव निर्वाचित अध्यक्ष जेसीडी प्रभाकरन ने कहा कि अध्यक्ष सदन संतुलित तरीके से कार्य करेगा और सभी दलों के लिए समान अवसर सुनिश्चित करेगा। उन्होंने सदस्यों को आश्वासन दिया कि विधानसभा स्थापित नियमों के अनुसार ही कार्य करेगी। उन्होंने अध्यक्ष कार्यालय को डिजिटल बनाने और कागज रहित कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने की योजनाओं की भी घोषणा की। सदन की कार्यवाही को  कल तक के लिए स्थगित कर दिया गया।

इस बीच, टीवीके सरकार को कल विधानसभा में अपना बहुमत साबित करना है।

एक अन्य घटनाक्रम में, मद्रास उच्च न्यायालय ने तिरुप्पत्तूर निर्वाचन क्षेत्र में विवादित डाक मत से संबंधित एक याचिका के संबंध में टीवीके विधायक सीनिवास सेतुपति को प्रस्तावित शक्ति परीक्षण सहित किसी भी सदन प्रस्ताव में भाग लेने से रोक दिया है।