अप्रैल 26, 2026 8:44 अपराह्न

printer

घरेलू LPG सिलेंडरों की आपूर्ति सामान्य, कल 51 लाख से अधिक सिलेंडरों का वितरण: सरकार

सरकार ने कहा है कि देश में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति सामान्य बनी हुई है और कल 51 लाख आठ हजार से अधिक घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का वितरण किया गया। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने कहा है कि 42 हजार पांच सौ से अधिक पीएनजी उपभोक्ताओं ने MYPNGD.in वेबसाइट के माध्यम से अपने एलपीजी कनेक्शन वापस किए हैं। इसमें यह भी कहा गया है कि अप्रैल माह में कल तक कुल एक लाख, 64 हजार 655 मीट्रिक टन वाणिज्यिक एलपीजी की बिक्री हुई है। मंत्रालय देश भर में पेट्रोलियम उत्पादों और एलपीजी की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित कर रहा है और एलपीजी वितरकों से किसी भी प्रकार की कमी की सूचना नहीं मिली है। मंत्रालय ने कहा कि एलपीजी की जमाखोरी और कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए देश भर में कार्रवाई जारी है और कल दो हजार एक सौ से अधिक छापे मारे गए। मंत्रालय ने बताया कि वाणिज्यिक मांग में ऑनलाइन एलपीजी बुकिंग में लगभग 98 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

सरकार ने कहा है कि  देश भर में पत्‍तन संचालन सामान्य है और किसी भी प्रकार की भीड़भाड़ की सूचना नहीं है। पत्‍तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय ने सूचित किया कि जहाजरानी महानिदेशालय ने अब तक दो हजार 764 से अधिक भारतीय नाविकों की सुरक्षित स्वदेश वापसी में सहायता की है, जिनमें से 24 को पिछले 24 घंटों में खाड़ी क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से वापस लाया गया है।

विदेश मंत्रालय ने सूचित किया कि ईरान का हवाई क्षेत्र मालवाहक और चार्टर्ड उड़ानों के लिए आंशिक रूप से खुला है। भारतीय नागरिकों को ईरान की यात्रा से बचने की सलाह दी गई है और जो पहले से ही ईरान में हैं, उनसे दूतावास के सहयोग से भूमि सीमा मार्ग के जरिये ईरान छोड़ने का आग्रह किया गया है। तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने भूमि सीमा मार्गों के माध्यम से दो हजार 445 भारतीय नागरिकों को ईरान से बाहर निकालने में सहायता की है। मंत्रालय ने बताया कि 28 फरवरी से अब-तक लगभग 12 लाख 96 हजार यात्री इस क्षेत्र से भारत की यात्रा कर चुके हैं।