अकादमी पुरस्कार विजेता वृ्त्तचित्र मिस्टर नोबड़ी अगेन्स्ट पुतिन के रूस के फिल्म निर्माता पाशा तालनकिन ने अपनी ऑस्कर प्रतिमा खो दी है। न्यूयॉर्क हवाई अड्डे पर सुरक्षा अधिकारियों ने उन्हें अपने साथ विमान में इसे ले जाने से मना कर दिया था। इसके बाद श्री तालनकिन को अपनी ऑस्कर प्रतिमा को अपने सामान के साथ रखने को कहा गया। हालांकि, जब फिल्म निर्माता फ्रेंकफुर्त पहुंचे तो उन्हें ऑस्कर प्रतिमा का डिब्बा नहीं मिला।
लुफ्थांसा एयरलाइंस ने एक बयान में कहा है कि उन्हें इस स्थिति का बहुत अफसोस है और ऑस्कर प्रतिमा को खोजने का सघन प्रयास किया जा रहा है। इसके मिलते ही इसे वापस कर दिया जाएगा।
नियमों के अनुसार ऑस्कर विजेता अपनी प्रतिमा के नष्ट होने या खो जाने पर अकादमी से इसकी प्रतिकृति का अनुरोध कर सकते हैं।