अप्रैल 29, 2026 9:54 पूर्वाह्न

printer

अमरीका की सीनेट में रिपब्लिकन सांसदों ने क्यूबा ऊर्जा नाकाबंदी विधेयक खारिज किया

अमरीका की सीनेट में रिपब्लिकन सांसदों ने डेमोक्रेट सांसदों द्वारा लाए गए उस विधेयक को खारिज कर दिया है, जिसमें राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प को क्‍यूबा पर अमरीकी ऊर्जा नाकाबंदी खत्‍म करने के लिए कांग्रेस की मंजूरी लेना अनिवार्य करने की बात कही गई थी। 
 
इस विधेयक पर हुए मतदान से यह साफ हो गया कि रिपब्लिकन सांसद वेनेजुएला, ईरान और क्यूबा जैसे विभिन्‍न वैश्विक मुद्दों पर राष्‍ट्रपति ट्रंप के फैसलों का समर्थन कर रहे है। 
 
डेमोक्रेट सांसद लगातार ऐसे विधेयक लाते रहे हैं, जिनका उद्देश्‍य राष्‍ट्रपति की सैन्‍य शक्तियों पर नियंत्रण लगाना है, लेकिन अब तक कोई भी प्रयास सफल नहीं हो सका है। 
 
क्यूबा से जुड़े इस विधेयक में यह प्रावधान था कि द्वीप राष्ट्र पर किसी भी हमले से पहले राष्‍ट्रपति को कांग्रेस की मंजूरी लेनी पड़ती। हालांकि रिपब्लिकन सांसदों ने इसे यह कहते हुए खारिज कर दिया कि अमरीका और क्यूबा के बीच सीधे युद्ध जैसी स्थिति नहीं है। 
 
इस बीच, अमरीकी प्रतिबंधों और वेनेजुएला से तेल आपूर्ति में रूकावट के कारण क्‍यूबा में पानी और बि‍जली की समस्‍या गंभीर बनी हुई है। ट्रम्प प्रशासन क्यूबा सरकार पर राजनीतिक सुधार करने, राजनीतिक कैदियों को रिहा करने और उसकी कमजोर अर्थव्यवस्था को उदार बनाने के लिए दबाव बना रहा है।