प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज से उत्तर प्रदेश के दो दिन की यात्रा पर रहेंगे। यात्रा के पहले चरण में प्रधानमंत्री आज अपने संसदीय निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी पहुंचेंगे। वे वाराणसी में आज शाम महिला सम्मेलन में शामिल होंगे और लगभग 6350 करोड़ रुपये लागत की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और आधारशिला भी रखेंगे। वे इस अवसर पर जनसभा को भी संबोधित करेंगे। महिला सम्मेलन में बड़ी संख्या में इस क्षेत्र की महिलाएं उपस्थित रहेंगी।
प्रधानमंत्री मोदी आज शाम उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र को जोडने वाली दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस रेलगाड़ियों को रवाना करेंगे। श्री मोदी वाराणसी-पंडित दीनदयाल उपध्याय जंक्शन की तीसरी और चौथी रेलवे लाइन परियोजना की आधारशिला रखेंगे। इनमें गंगा नदी पर रेल और सड़क सेतु का निर्माण शामिल हैं।
श्री मोदी कल वाराणसी में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर का दर्शन और पूजा अर्चना करेंगे।
यात्रा के दूसरे चरण के प्रधानमंत्री हरदोई जाएंगे और गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे। यह 36 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत पर निर्मित 594 किलोमीटर लंबा, 6 लेन वाला, एक्सेस-कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड हाई-स्पीड कॉरिडोर है।