अप्रैल 28, 2026 8:17 पूर्वाह्न

printer

सरकार ने बढ़ती गर्मी के बीच राज्यों से लू से निपटने की तैयारियां तेज करने का आग्रह किया

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने आगामी गर्मी के मौसम में लू की स्थिति को देखते हुए राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से तैयारियां करने का आग्रह किया है। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों को लिखे पत्र में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की सचिव पुण्या सलीला श्रीवास्तव ने कहा कि मौसम विभाग के पूर्वानुमानों के आधार पर अप्रैल से जून 2026 तक पूर्वी, मध्य और उत्तर-पश्चिमी भारत के कुछ हिस्सों के साथ-साथ दक्षिण-पूर्वी प्रायद्वीप में सामान्य से अधिक लू चलने की संभावना है।

मंत्रालय ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर लू प्रबंधन के लिए समर्पित इकाइयां स्थापित करने, एम्बुलेंस सेवाओं की तैयारी सुनिश्चित करने और एकीकृत स्वास्थ्य सूचना प्‍लेटफॉर्म – आईएचआईपी पोर्टल पर लू के मामलों की जानकारी देने का निर्देश दिया है। सचिव ने बताया  कि अत्यधिक गर्मी के स्वास्थ्य प्रभावों को कम करने तथा गर्मी से संबंधित बीमारियों और मौतों को रोकने के लिए सक्रिय योजना और समन्वित कार्रवाई महत्वपूर्ण होगी।