मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
Listen to live radio

अगस्त 10, 2025 10:12 अपराह्न | India 2047 | NARENDER MODI | PM Modi

printer

प्रधानमंत्री ने बेंगलुरु में 22,800 करोड़ रुपये की मेट्रो परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों के सक्रिय सहयोग से भारत को 2047 तक विकसित बनाने के अपनी सरकार की मंशा पर ज़ोर दिया है। आज बेंगलुरु में नम्मा मेट्रो के तीसरे चरण के उद्घाटन के बाद अपने संबोधन में उन्होंने विकास की ओर भारत की यात्रा के लिए स्थापित मानदंडों का उल्‍लेख किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह यात्रा तब शुरू हुई जब 2014 से पहले भारत दुनिया के दस सबसे कमज़ोर देशों में से एक था। अब भारतीय अर्थव्यवस्था पाँचवीं सबसे बड़ी और सबसे तेज़ी से आगे बढने वाली अर्थव्यवस्था है।

 

मेट्रो रेल पाँच शहरों से बढ़कर 24 शहरों तक पहुँच गई है और मेट्रो नेटवर्क के मामले में दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। इससे पहले, प्रधानमंत्री ने बेंगलुरु में लगभग 22,800 करोड़ रुपये की मेट्रो परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने बेंगलुरु और बेलगावी के बीच वंदे भारत ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाई। श्री मोदी ने अमृतसर तथा कटरा के बीच और नागपुर से पुणे के बीच वंदे भारत सेवाओं को भी वर्चुअल माध्यम से हरी झंडी दिखाई। वंदे भारत ट्रेनें बेहतर यात्रा अनुभव के लिए विश्व स्तरीय सुविधाओं से सुसज्जित हैं।

 

ऑपरेशन सिंदूर के बाद बेंगलुरु की अपनी पहली यात्रा का उल्लेख करते हुए, प्रधानमंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना की सफलता पर प्रकाश डाला और सीमा पार आतंकवादी ठिकानों को नष्ट करने की उनकी क्षमता का उल्लेख किया। उन्होंने आतंकवादियों का बचाव करने आए पाकिस्तान को कुछ ही घंटों में घुटने टेकने पर मजबूर करने में भारत की ताकत का जिक्र दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि पूरी दुनिया ने नए भारत के इस नए रूप को देखा है। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का श्रेय तकनीक की शक्ति और रक्षा क्षेत्र में मेक इन इंडिया की ताकत को दिया।

 

महाराष्‍ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नागपुर में संवाददाताओं से बातचीत में नागपुर-पुणे के सबसे व्यस्त मार्ग पर वंदे भारत ट्रेन उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री और रेल मंत्री को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि विदर्भ से पुणे जाने वाले यात्रियों की संख्या अधिक है, लेकिन वर्तमान में यात्रियों को महंगे टिकट खरीदने पड़ते हैं और निजी वाहनों से यात्रा करनी पड़ती है। इसके अलावा, ऐसी यात्रा में अधिक समय भी लगता है। इन कारकों को ध्यान में रखते हुए, राज्य सरकार ने रेल मंत्री से नागपुर-पुणे ट्रेन सेवा शुरू करने का अनुरोध किया, जिस पर उन्होंने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी और परिणामस्वरूप यह सेवा शुरू हो गई। नागपुर-पुणे वंदे भारत एक्सप्रेस देश की सभी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों में सबसे लंबी दूरी तय करती है।

 

हमारे जम्मू संवाददाता ने बताया है कि जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने अमृतसर से श्री माता वैष्णो देवी कटरा स्टेशन के बीच वंदे भारत ट्रेन को समर्पित करने के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि नई वंदे भारत ट्रेन श्री माता वैष्णो देवी के भक्तों के लिए यात्रा को आसान बनाएगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था के विकास को गति प्रदान करेगी।