भारतीय सशस्त्र बलों ने कहा है कि ऑपरेशन सिंदूर ने अपने उद्देश्यों को सफलतापूर्वक हासिल किया है। इस अभियान में सेना, नौसेना और वायु सेना के बीच उत्कृष्ठ समन्वय का प्रदर्शन किया गया। ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर आज जयपुर में भारतीय सशस्त्र बलों के कमांडरों का संयुक्त संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया गया।
इस दौरान, लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ भारत का अभियान दृढ़ संकल्प के साथ जारी है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने दिखा दिया है कि आत्मनिर्भर भारत का सपना अब सिर्फ एक नारा मात्र नहीं रह गया है। श्री घई ने बताया कि भारत के 65 प्रतिशत से अधिक रक्षा उपकरण स्वदेशी रूप से निर्मित हैं।
उन्होंने कहा कि इस अभियान में पाकिस्तान और पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में आतंकी ढांचों को निशाना बनाया गया। ये भारत की आतंकवाद विरोधी नीति में व्यापक बदलाव को दर्शाता है। लेफ्टिनेंट जनरल घई ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर को समापन के रूप में नहीं, बल्कि भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा और आतंक रोधी नीति में एक नए चरण की शुरुआत के रूप में देखा जाना चाहिए।