भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण – एन.एच.ए.आई. ने गुजरात में एनएच-48 के कामरेज-चलथान खंड को छह लेन का बनाने के लिए मध्यस्थता मामले में सफलतापूर्वक अपना बचाव किया है। प्राधिकरण के अनुसार इससे सार्वजनिक धन की काफी बचत हुई। एनएचएआई ने कहा कि मध्यस्थ न्यायाधिकरण ने ठेकेदार द्वारा मामले को निपटाने के लिए किए गए लगभग 174 करोड़ 49 लाख रुपये के दावों के मुकाबले केवल 54 लाख रुपये का मुआवजा दिया। उसने कहा कि यह एनएचएआई द्वारा डिजिटल परियोजना निगरानी, मजबूत दस्तावेजीकरण और साक्ष्य-आधारित अनुबंध प्रबंधन के महत्व को रेखांकित करता है।
यह मामला एनएचएआई के 15 किलोमीटर लंबे कामरेज-चलथान खंड को चार लेन से छह लेन तक चौड़ा करने की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना से संबंधित है। इसमें कामरेज-भरूच खंड पर चार ब्लैक स्पॉट के लिए दीर्घकालिक उपचारात्मक उपायों का कार्यान्वयन भी शामिल है। एनएचएआई ने कहा कि यह मामला अवसंरचना विकास और विवाद समाधान में डिजिटलीकरण और प्रौद्योगिकी-संचालित परियोजना निगरानी की महत्वपूर्ण भूमिका को भी उजागर करता है।