गृह मंत्री अमित शाह आज नई दिल्ली में उच्च-स्तरीय बैठक में आशंकित बाढ़ और लू से निपटने की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। बैठक के दौरान अमित शाह राहत और बचाव उपायों में केन्द्रीय सरकारी एजेंसियों की तत्परता का आकलन करेंगे। शुरुआती चेतावनी प्रणालियों, संसाधनों की तैनाती और अंतर-एजेंसी समन्वय की भी समीक्षा की जायेगी ताकि जानमाल का नुकसान कम से कम किया जा सके। गृह मंत्री दीर्घावधि बाढ़ रोकथाम उपायों की प्रगति की भी समीक्षा करेंगे। बाढ़ और लू संबंधी पूर्वानुमान प्रणाली मजबूत करने, जन-जागरुकता, समुचित राहत सामग्री की आपूर्ति और चिकित्सा सहायता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
यह बैठक जन-केन्द्रित आपदा प्रबंधन और सक्रिय उपायों के लिये सरकार की प्रतिबद्धता दर्शाती है।