मई 16, 2026 10:02 अपराह्न

printer

मणिपुर: मुख्यमंत्री युम्नाम खेमचंद सिंह ने राष्ट्रीय खेल विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए पीएम मोदी की सराहना की

मणिपुर के मुख्यमंत्री युम्नाम खेमचंद सिंह ने आज राज्‍य में देश के एकमात्र राष्ट्रीय खेल विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कौत्रुक स्थित विश्वविद्यालय परिसर का दौरा कर चल रहे बुनियादी ढांचा विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान, राष्ट्रीय भवन निर्माण निगम के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को परियोजना की स्थिति से अवगत कराया। नए परिसर में संकाय सदस्यों के लिए 60 आवासीय इकाइयाँ और एक बहुउद्देशीय खेल हॉल शामिल होगा।

विश्वविद्यालय अधिकारियों द्वारा उठाए गए मुद्दों को संबोधित करते हुए, मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि विश्वविद्यालय के लिए पहुँच मार्ग का निर्माण अगले सप्ताह से शुरू होगा। उन्होंने छह बोरवेल खोदकर जल संकट को दूर करने के लिए अस्थायी उपायों का भी आश्वासन दिया। उन्‍होंने कहा कि निर्बाध कार्य सुनिश्चित करने के लिए आवश्यकता पड़ने पर पर्याप्त सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया जाएगा।

संवाददाताओं से बातचीत में श्री सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय में लगभग 1300 विद्यार्थियों की प्रवेश क्षमता होगी और परियोजना के इस वर्ष के अंत तक पूरा होने की उम्मीद है।