महाराष्ट्र के सतारा में आज प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के लाभार्थियों और महा आवास अभियान के राज्य स्तरीय पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया जाएगा। ग्रामीण विकास और कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।
इस दौरान प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत लाभार्थियों के लिए निर्मित पांच लाख घरों का आवंटन किया जाएगा। छह लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से घरों की चाबियां भी सौंपी जाएंगी। अब तक इस योजना के तहत देशभर में तीन करोड़ घरों का निर्माण हो चुका है।
इस अवसर पर श्री शिवराज सिंह चौहान मौजूदा वित्त वर्ष के लिए प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के अंतर्गत महाराष्ट्र के लिए आठ हजार 368 करोड़ 50 लाख रुपये की केंद्रीय सहायता की मंजूरी की घोषणा करेंगे। इसके अलावा, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण के अंतर्गत 122 करोड़ 98 लाख रुपये की 35 सड़क परियोजनाओं को भी मंजूरी दी जाएगी।