लीबिया में पूर्वी तट में एक नाव दुर्घटना के बाद सात लोगों को बचाया गया है तथा 17 शव बरामद किए गए हैं। लीबियाई रेड क्रीसेंट ने बताया है कि नाव पर सवार लोग प्रतिकूल स्थितियों में आठ दिन से समुद्र में फंसे थे। इस बचाव अभियान में नौसेना और तटरक्षक बल ने मिलकर काम किया। लीबिया, यूरोप के नज़दीक होने और उसकी लम्बी भू-मध्य सागर तटीय रेखा के कारण अवैध प्रवासियों के आने जाने के लिए प्रमुख केन्द्र बना रहता है। आवाजाही मार्च से सितम्बर के बीच सबसे अधिक रहती है क्योंकि मौसम बेहतर होने से उत्तरी छोर पर पहुंचना सुविधाजनक होता है। 19 अप्रैल को लीबियाई रेड क्रीसेंट ने बताया था कि तोब्रुक तट पर एक नाव के पलट जाने से बिना दस्तावेज वाले चार प्रवासियों को बचाया गया और छह शव बरामद किए गए।
News On AIR | अप्रैल 30, 2026 12:50 अपराह्न
लीबिया: पूर्वी तट पर नाव हादसा, 7 लोगों को बचाया गया, 17 शव बरामद