इटली के खेल मंत्री आंद्रे अबोदी ने कहा है कि वे अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प प्रशासन के एक अधिकारी द्वारा सुझाए गए प्रस्ताव स्वीकार नहीं करते कि आगामी फीफा विश्वकप में ईरान की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम की जगह इटली को दी जाए। उन्होंने कहा कि यह कदम न ही संभव है और न ही उचित है। ओलिम्पिक समति के अध्यक्ष लुसियानो बुओनफिजलियो ने कहा है कि क्वालीफिकेशन मैरिट के आधार पर होनी चाहिए।
ईरान द्वारा आकस्मिक रूप से नाम वापस लेने की आशंका में यह प्रस्ताव कथित रूप से अमरीकी दूत पावलो ज़म्पोली ने रखा था। हालांकि फीफा ने कहा है कि अमरीका में ईरान के मैच तय कार्यक्रम के अनुसार ही होंगे। अमरीकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने स्पष्ट किया है कि ईरान के खिलाडियों पर कोई प्रतिबंध नहीं लगेगा, लेकिन उनके साथ आने वाले कर्मियों को लेकर चिंता बनी हुई है। एशिया से क्वालीफाई करने वाली ईरान की टीम ने प्रतियोगिता में भाग लेने की पुष्टि की है। विश्वकप इस वर्ष जून में होगा।