अप्रैल 27, 2026 9:40 अपराह्न

printer

ईरान विदेश मंत्री पश्चिम एशिया संघर्ष के बीच सेंट पीटर्सबर्ग पहुंचे, राष्ट्रपति पुतिन से करेंगे वार्ता

पश्चिम एशिया में स्थिति को स्थिर करने के राजनयिक प्रयासों में सीमित प्रगति हुई है और कई मोर्चों पर नए राजनीतिक और सैन्य संकेत बन रहे हैं। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन सहित वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत के लिए रूस पहुंचे हैं। उन्होंने हालिया वार्ता के विफल होने के लिए अमरीका की अत्यधिक मांगों को जिम्मेदार ठहराया है। वहीं, अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप ने संकेत दिया है कि बातचीत के रास्ते खुले हैं और कहा है कि बातचीत को फिर से शुरू करने के लिए ईरानी नेता हमसे संपर्क कर सकते हैं या फोन कर सकते हैं।

    अमरीका की केंद्रीय कमान का कहना है कि संघर्ष को समाप्त करने के लिए चल रही बातचीत के ठप रहने के कारण उसकी सेनाएं पूरे क्षेत्र में तैयार हैं। तनाव को बढ़ाते हुए ईरान एक ऐसे कानून के मसौदे पर विचार कर रहा है जो उसकी सशस्त्र सेनाओं को होर्मुज जल-डमरू-मध्य पर नियंत्रण प्रदान करेगा और इसमें शत्रु जहाजों को निशाना बनाने के प्रावधान शामिल होंगे। इस बीच, अनिश्चितता के बीच तेल की कीमतों में मामूली वृद्धि हुई है। हालांकि इस सप्ताह के महत्वपूर्ण आर्थिक निर्णयों से पहले वैश्विक बाजार स्थिर बने हुए हैं।