मई 3, 2026 2:07 अपराह्न

printer

संघर्ष विराम के लिए ईरान ने अमरीका को सौंपा 14-सूत्री प्रस्ताव

ईरान ने संघर्ष विराम के लिए अमरीका को 14-सूत्री प्रस्ताव सौंपा है। इसमें लेबनान सहित सभी मोर्चों पर युद्ध समाप्त करने की रूपरेखा पेश की गई है। प्रस्ताव में इस बात पर जोर दिया गया है कि कूटनीतिक प्रयासों में युद्धविराम को केवल बढ़ाने के बजाय युद्ध की समाप्ति को प्राथमिकता दी जाए।

इससे पहले, अमरीका ने नौ-सूत्री प्रस्ताव दिया था जिसमें सैन्य आक्रामकता न होने की गारंटी और ईरान के आसपास के क्षेत्र से अमरीका सैन्य बलों की वापसी का वायदा किया गया था। प्रस्ताव में, फ्रीज की गई ईरानी परिसंपत्तियों को बहाल करने, प्रतिबंधों को हटाने और होर्मुज जलडमरूमध्य के लिए एक नई व्यवस्था की शुरुआत की बात भी कही गई है।

 ईरान के उप-विदेश मंत्री काज़ेम ग़रीबाबादी ने कहा कि अब अमेरिका को तय करना है कि वह कूटनीति का मार्ग चुनेगा या टकराव का। उधर, अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कल इस प्रस्ताव पर असंतोष व्यक्त किया, लेकिन कहा कि वे इसकी समीक्षा करेंगे।