अप्रैल 18, 2026 9:45 अपराह्न | ISSF Junior Shooting World Cup

printer

आईएसएसएफ जूनियर निशानेबाजी विश्‍व कप में हिस्सा लेने के लिए भारत का पहला दल काहिरा के लिए रवाना

आईएसएसएफ जूनियर निशानेबाजी विश्‍व कप में हिस्सा लेने के लिए भारत का पहला दल आज काहिरा के लिए रवाना हो गया। इस दल में निशानेबाजों और सहायक स्टाफ को मिलाकर 58 सदस्य हैं। 
 
काहिरा जूनियर विश्‍व कप आईएसएसएफ जूनियर सर्किट की शुरुआत करेगा। इस कैलेंडर ईयर में शॉटगन निशानेबाजों के लिए तीन, जबकि राइफल और पिस्टल निशानेबाजों के लिए दो इवेंट होने हैं। भारत ने काहिरा में होने वाले 18 मेडल इवेंट्स के लिए कुल 71 निशानेबाज उतारे हैं। इनमें 15 ओलंपिक इवेंट्स के लिए 36 निशानेबाज भी शामिल हैं। तीन अतिरिक्त इवेंट्स में जूनियर पुरुष और महिला 50 मीटर राइफल प्रोन प्रतियोगिताएं, जबकि पुरुषों का 25 मीटर पिस्टल इवेंट शामिल है। माना जा रहा है कि यह इवेंट 2032 के ओलंपिक का हिस्सा बन सकता है।
 
कुल मिलाकर, 25 देशों के 284 एथलीट्स काहिरा में मुकाबला करेंगे, जिसमें भारत का दल सबसे बड़ा है। 
 
जून में जर्मनी के सुहल में होने वाली जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप को देखते हुए, यह भारतीय जूनियर निशानेबाजों के लिए उस प्रतिष्ठित इवेंट में अपनी जगह बनाने का एक अच्छा मौका होगा। कुछ दिन पहले ही, भारत ने स्पेन के ग्रेनाडा में अपना आईएसएसएफ विश्‍व कप राइफल और पिस्टल अभियान एक स्‍वर्ण पदक के साथ समाप्त किया था।