वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि भारत आर्थिक, तकनीकी अथवा भू-राजनीतिक, हर तरह की बाधाओं का सामना करने में सक्षम है। नई दिल्ली में आयोजित सीआईआई वार्षिक व्यापार शिखर सम्मेलन 2026 में उन्होंने कहा कि खंडित भू-राजनीतिक और व्यावसायिक परिस्थितियों के कारण दुनिया हर दिन संकटों का सामना कर रही है, लेकिन भारत ने लगातार प्रतिकूल परिस्थितियों को अवसरों में परिवर्तित किया है। अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष के मानकों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि देश के पास वर्तमान में लगभग ग्यारह महीनों के आयात को कवर करने के लिए पर्याप्त विदेशी मुद्रा भंडार है, जो देश को वैश्विक स्तर पर एक मजबूत स्थिति में रखता है। भारतीय अर्थव्यवस्था के मजबूत आधार को रेखांकित करते हुए श्री गोयल ने कहा कि देश कभी दबाव में झुका नहीं और चुनौतीपूर्ण समय में हमेशा और मजबूत होकर उभरा है।
श्री गोयल ने कहा कि भू-राजनीतिक और आर्थिक व्यवधानों से वैश्विक व्यापार में हो रहे बदलावों को देखते हुए भारतीय व्यवसायों को घरेलू उद्योग को मजबूत करने के लिए सामूहिक रूप से काम करना चाहिए। उन्होंने बताया कि भारत ने निर्यात में इस वर्ष नया रिकॉर्ड बनाया है, जिसमें कुल निर्यात लगभग 863 अरब डॉलर होने का अनुमान है।